BUXAR-HAAL-CHAAL:-सूबे में जारी लॉकडाउन के बावजूद लोगों के घर से निकलने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच कई प्रकार के आपत्तिजनक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर देखे जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस ने तमाम चेतावनी के बाद अब सख्ती से निपटने का निर्णय लिया है। इसमें आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए न्यूनतम एक माह से लेकर तीन साल तक की सजा का प्रावधान है, जिसके तहत पुलिस अब मामला दर्ज करेगी।

नगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने लोगों से लॉकडाउन के दौरान अपने-अपने घरों में ही रहने की अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण से जान बचाने का खुद को घर में रहने के सिवा दूसरा कोई विकल्प नहीं है। बावजूद इसके लोग नियमों को तोड़कर घरों से बाहर निकल रहे हैं वहीं सोशल मीडिया पर भी कोरोना से संबंधित कई आपत्तिजनक पोस्ट डाले जा रहे हैं। ऐसे में अब लॉकडाउन तोड़ने अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ आइपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जिसमें एक माह से तीन साल तक सजा का प्रावधान है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सामान्यत: घरों से बाहर निकलने तथा तय समय के बाद भी दुकानें खुली रखने के मामले में आइपीसी की धारा 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है, जिसमें एक माह तक सजा का प्रावधान है। जबकि, धर्म अथवा जाति के आधार पर घृणा अथवा द्वेश् फैलाने वाले सोशल मीडिया पर जारी किसी पोस्ट पर धारा 153 ए के तहत तीन से पांच साल तक सजा और जुर्माना का प्रावधान है। धाíमक भवनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी पोस्ट पर 295-ए के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इसमें तीन साल की सजा प्रावधान है।