BUXAR-HAAL-CHAAL:- कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए डुमरांव नगर परिषद में बड़े शहरों की तर्ज पर सैनिटाइजेशन गैलरी बनाई है। जिसमें शहर के आम लोग भी खुद को सेनीटाइज कर संक्रमण से मुक्त हो सकेंगे। शुक्रवार को इसका उद्घाटन नगर परिषद की चेयरमैन भागमनी देवी के साथ डुमरांव एसडीपीओ केके सिंह, सीओ विजय कुमार सिंह तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुजीत कुमार ने किया।

एसडीपीओ केके सिंह ने कहा कि सैनिटाइज गैलरी का इस्तेमाल करते हुए कहा कि आज देशभक्ति यही है कि सरकार के निर्देश के अनुरूप लॉकडाउन का शत-प्रतिशत पालन करें और घर से न निकलें। नगर परिषद की मुख्य पार्षद भागमनी देवी ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए जरूरी है कि सरकारी निर्देशों का पालन हो। उन्होंने शहर के लोगों से अपील की कि घर से न निकलें, बेहद जरूरी काम से निकले भी तो नगर परिषद प्रांगण में बने सैनिटाइजेशन गैलरी का लाभ उठाते हुए खुद को सैनिटाइज करने के उपरांत ही अपना काम करें। कार्यपालक पदाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि सैनिटाइजेशन गैलरी में इस्तेमाल होनेवाली दवा हर्बल मेडिसिन है। दवा नाक, मुंह, आंख में चले जाने से कोई खतरा नहीं है। इसका लाभ सभी लोगों के साथ नप के कर्मचारी भी उठाएंगे। इस मौके पर नगर परिषद के प्रधान सहायक दुर्गेश कुमार सिंह के अलावा कई वार्ड पार्षद और अन्य लोग उपस्थित थे।