BUXAR-HAAL-CHAAL:- कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए लोगों को बराबर घरों में ही रहने की अपील की जा रही है। इसके लिए पूरे जिले को लॉकडाउन कर दिया गया है। बावजूद इसके कुछ लोग अभी भी शौकिया सड़क पर मटरगश्ती करते नजर आ रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध अब पुलिस ने दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को इसके तहत करीब आधा दर्जन युवकों को पकड़ कर पुलिस ने बीच सड़क पर ही उठक बैठक कराने के बाद सख्त चेतावनी देते हुए मुक्त किया।
दरअसल, पूरे विश्व की हालात से वाकिफ होने के बाद भी कुछ लोग ऐसे हैं जो कोरोना संकट को बकवास मान रहे हैं। और तमाम दिशा निर्देशों को ताक पर रखते हुए सड़क पर प्राय: मटरगश्ती करते देखे जा रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए पुलिस ने बुधवार से ही दंडात्मक कार्रवाई करने का अभियान चलाया है। पुलिस लगातार सड़कों पर गश्त लगा रही है। जैसे ही कोई बिना मतलब सड़क पर घूमते नजर आता है तो सबसे पहले उससे घर से बाहर निकलने की वजह पूछी जाती है। इस दौरान कोई ठोस कारण नहीं बता पाने के बाद पुलिस अपनी शैली में उनसे निपटना शुरू कर देती है। गुरुवार को ऐसे ही पुलिस गश्ती के दौरान शहर के मेन रोड में कुछ युवकों को बेवजह घूमते देख पुलिस ने रोक लिया। पूछे जाने पर कोई ठोस जवाब नहीं देने के बाद उनसे बीच सड़क पर ही उठक बैठक कराने के बाद कड़ी चेतावनी देते हुए छोड़ा गया। इस दौरान पुलिस के सख्त रवैये को देखते ही पलक झपकते दूर-दूर तक सड़क पूरी तरह खाली नजर आने लगी। गश्ती वाहन पर सवार एसआई रौशन कुमार ने तमाम लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील करते हुए कहा कि बगैर खास जरूरत के अपने घरों से बाहर नहीं निकलें, वरना पुलिस को कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा।


0 Comments
अपना सुझाव दें