BUXAR-HAAL-CHAAL:- कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बक्सर में कोरोना इमरजेंसी केयर यूनिट एवं आइसोलेशन वार्ड की स्थापना की जाएगी। इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसके तहत जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में दो यूनिट तथा डुमरांव स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में दो यूनिट की स्थापना की जाएगी। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने इसकी पहल की है।

मंत्री के मीडिया प्रभारी नीतीन मुकेश ने बताया कि उनकी पहल पर केयर यूनिट की स्थापना जल्द ही सदर अस्पताल एवं डुमरांव में की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में इन दोनों स्थानों पर इसकी स्थापना की जाएगी। तत्पश्चात प्रशासन आवश्यकता अनुसार इसकी स्थापना अन्य स्थानों पर भी कर सकता है। सांसद निधि कोष एवं एसजेबीएन के जन कल्याण कोष के अंतर्गत इसकी स्थापना की जा रही है। ताकि, कोरोना के मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर यहां रखकर उनका उपचार किया जा सके। मीडिया प्रभारी ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री ने एसजेबीएन के सीएमडी से बातचीत कर इस ओर कदम उठाने की पहल की थी। जाहिर सी बात है, यहां केयर यूनिट बन जाने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री ने इसे युद्ध स्तर पर तैयार करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने अपने सांसद निधि से प्रधानमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये तथा वेतन मद से पीएम केयर फंड में एक लाख रुपये की धनराशि प्रदान की है। उन्होंने संसदीय क्षेत्र को डेढ़ करोड़ रुपये की राशि भी सांसद निधि कोष से कोरोना वायरस से बचाव के लिए चिकित्सा उपकरण एवं अन्य सामग्रियों की खरीद के लिए दी है।जिला को मिले हैं 30 आइसोलेशन बेड
यही नहीं केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा एसजेबीएन की पहल पर जिले को 30 आइसोलेशन बेड भी प्राप्त हुए हैं। बताया जाता है कि जिले में बन रहे आइसोलेशन वार्ड में इन बेड को रखा जाएगा। ताकि, मरीजों को उपचार के दौरान परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।