BUXAR-HAAL-CHAAL:-एक ओर कोरोना के खिलाफ जंग में पूरा देश एकजुट होकर लड़ रहा है वहीं कुछ लोग सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर खुराफात करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिले के नावानगर थाना के एक एएसआई समेत सोनवर्षा के जदयू नेता ने गैर जिम्मेदारी दिखाते हुए रविवार को सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डाल दिया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के आदेश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नावानगर के एएसआई संतोष कुमार तथा सोनवर्षा के जदयू नेता शम्भू पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जाता है कि नावानगर थाना के एएसआई संतोष ने नावानगर में पुलिस-पब्लिक समन्वय के लिए बने साइबर सेनानी वाट्सएप ग्रुप में एक आपत्तिजनक पोस्ट डाल दिया। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले इस पोस्ट को देखते ही सोनवर्षा के जदयू नेता ने सोनवर्षा साइबर सेनानी ग्रुप में फॉरवर्ड कर दिया। मौजूदा हालात के बीच सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा विशेष नजर रखी जा रही है। इस बीच पोस्ट डालते ही कई लोगों ने पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा को इसकी जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। एसपी ने नावानगर थानाध्यक्ष को तत्काल कार्रवाई का निर्देश देने के साथ ही उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इस बीच एसपी के आदेश पर आरोपित एएसआई समेत जदयू नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। मौके पर पहुंचे डुमरांव डीएसपी केके सिंह ने अपनी देखरेख में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराते हुए इसकी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने घटना की पुष्टि करते बताया कि दोनों व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।



0 Comments
अपना सुझाव दें